घुसपैठियों को लेकर सवाल के जवाब अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा कौन सा चुनाव बिना घुसपैठियों के लड़ती है। बिहार, पश्चिम बंगाल से लेकर मध्य प्रदेश तक भाजपा घुसपैठियों का नाम लेकर चुनाव लड़ती है, लेकिन घुसपैठियों की सूची कहां है। अरुणाचल प्रदेश, लेह और लद्दाख में घुसपैठ हो रही है। जब चुनाव आता है तो भाजपा को घुसपैठिए याद आते हैं। दस साल से देश की सीमाएं असुरक्षित हैं। इसके लिए कौन जिम्मेदार है। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर धामी के बयान का जिक्र करते हुए अखिलेश ने कहा कि मैंने सिर्फ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घुसपैठिया कहा था, क्योंकि वे उत्तराखंड से आते हैं।
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की मौजूदगी में भाजपा और बसपा समेत विभिन्न दलों को छोड़कर कई पूर्व विधायकों और प्रमुख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ सोमवार को सपा की सदस्यता ली। इनमें बदायूं की बिसौली सुरक्षित सीट से पूर्व विधायक कुशाग्र सागर, दातागंज के पूर्व विधायक सिनोद कुमार शाक्य शामिल हुए।
बसपा छोड़कर पूर्व आईएएस राम बहादुर पासी भी सपा में शामिल हुए। मेरठ से दारा सिंह प्रजापति, प्रयागराज से पूर्व विधायक अजय कुमार, सीतापुर सेवता विधानसभा से बसपा से प्रत्याशी रहे चंद्रप्रकाश मिश्र, भाजपा नेता और एफसीआई डायरेक्टर शाहजहांपुर प्रदीप पांडेय, मुरादाबाद की डॉ. शबीहा परवीन आदि प्रमुख रहे। इस अवसर पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सपा सांसद अवधेश प्रसाद, नीरज मौर्य, आरके चौधरी व हरेंद्र मलिक और पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी भी मौजूद रहे।