फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अखिलेश का वादा, छठा बजट भी मैं ही पेश करूंगा

Fri, 12 Feb 2016 08:48 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मौका तो बजट पर मीडिया से संवाद का था लेकिन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बजट के बहाने चुनावी संकेत देने से गुरेज नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि अगला विधानसभा चुनाव जीतकर वे फिर सत्ता में लौटेंगे और सूबे का छठवां बजट भी पेश करेंगे।
विज्ञापन


लगातार पांचवां बजट पेश करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि  उनकी सरकार सभी वादे पूरे करने में सफल रही है। प्रदेश में देश का सबसे लंबा ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बना रहे हैं।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे समय से पहले पूरा होगा और लखनऊ-बलिया एक्सप्रेस-वे का काम शुरू करने के लिए भी पैसा दे दिया गया है। इसी तरह लोगों ने लखनऊ मेट्रो का हर काम देख लिया।
विज्ञापन


अब उन्हें मेट्रो ट्रेन और इसके ट्रायल का इंतजार है। कानपुर व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वाराणसी क्षेत्र में भी मेट्रो के लिए बजट दे रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पेंशन योजना का जिक्र करते हुए कहा, इतनी बड़ी पेंशन योजना और किसी प्रदेश में नहीं है। 55 लाख लोग इससे जुड़े हैं। फोर लेन का काम तेजी से हो रहा है।

बरेली-हल्द्वानी और श्रावस्ती में फोरलेन का उद्घाटन कर चुके हैं। सड़क, पुल, बिजली का इंतजाम लगातार बेहतर हो रहा है। उन्होंने जोर देकर यह बताने की कोशिश की कि पुरानी सरकारों के काम को रोका नहीं बल्कि आगे बढ़ाया गया।

पिछले चार सालों में सं‌तुलित व ठोस विकास की तरफ बढ़े

अखिलेश ने सवालों के बीच कहा,पिछले चार साल में प्रदेश संतुलित और ठोस विकास तथा खुशहाली की ओर बढ़ा है। इन्फ्रास्ट्रक्चर पर जोर है। किसान व गांवों में बदलाव पर लगातार काम कर रहे हैं। युवाओं को नौकरी व रोजगार मिले, इसके लिए पूरा प्रयास है। इस साल को ‘किसान व युवा वर्ष’ घोषित किया है। ऐसे में हम छठवां बजट भी लाएंगे।

काहे आग लगा रहे हैं
मुख्यमंत्री से सवाल हुआ कि 2016-17 से सातवें वेतन आयोग की सिफारिशें लागू होनी हैं लेकिन बजट में इसका जिक्र तक नहीं है। जब लागू नहीं होनी थी, तब दो साल इसके लिए पैसे का प्रावधान कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने इसे टालने वाले अंदाज में कहा, केंद्र सरकार ने अभी सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों का एलान किया नहीं, आप कहां आग लगा रहे हैं? जब वे लागू करेंगे, तब यहां भी देंगे।

स्मार्ट सिटी वाले बड़े स्मार्ट निकले
मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी को लेकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा। बिना नाम लिए कहा, कुछ लोग शहरों को स्मार्ट बनाने की बात कर रहे हैं लेकिन वे बड़े स्मार्ट निकले और यूपी को छोड़ दिया। उन्होंने तंज कसा, हमें तो स्मार्ट की हिंदी भी पता नहीं है। हम गांवों को अच्छा बनाएंगे। इसके लिए स्पर्श योजना शुरू कर रहे हैं।

इन गांवों में सड़क, बिजली, पानी, नाली, खड़ंजा व स्कूल के काम तो होंगे ही, गांव वाले कुछ नया करना चाहेंगे तो उसे भी कराएंगे। ग्रामीणों की राय से ये गांव संवरेंगे।

अखिलेश ने इसे बताया एक बड़ी पहल

मुख्यमंत्री ने समाजवादी किसान एवं सर्वहित बीमा योजना को बड़ी पहल बताया। कहा कि इसमें किसानों को इलाज भी मिलेगा और मृत्यु होने पर पांच लाख रुपये तक सहायता भी मिलेगी। इससे किसानों को पहले से ज्यादा फायदा मिलेगा।

सपा सरकार की यह बड़ी उपलब्धि होगी। उन्होंने महिलाओं व बच्चों के लिए प्रस्तावित 500 करोड़ की पोषण योजना और रिक्शा वालों के लिए ई-रिक्शा योजना को बड़ी पहल बताया।

गोरखपुर एम्स के लिए दी जमीन
मुख्यमंत्री ने बताया कि केंद्र को गोरखपुर में एम्स बनाने के लिए जमीन दे दी गई है। जमीन को मुख्य मार्ग से जोड़ने के लिए सड़क भी बनवाएंगे। अब केंद्र का बजट आएगा तब पता चलेगा कि वे क्या करने वाले हैं।
विज्ञापन

कई सवालों को टाल गए

मुख्यमंत्री से पूछा गया कि सरकार ने पिछले साल एक करोड़ किसानों को बीज अनुदान देने की बात कही थी। इस बार यह संख्या घट गई। इस पर कहा, आंकड़ों में न जाइए, जमीन पर देखें कितने लोग फायदा पा रहे हैं।

सवाल हुआ कि राजस्व वसूली के लक्ष्य तो पूरे ही नहीं हो रहे, इस बार लक्ष्य फिर बढ़ा दिया? सीएम ने कहा, प्रयास हो तो आबकारी से और पैसा खजाने में आ सकता है।

जब पूछा गया कि आप समानता की बात करते हैं लेकिन कब्रिस्तान और श्मशान स्थल के लिए पैसे में बड़ा अंतर क्यों है तो उन्होंने तमाम दूसरी योजनाएं गिनानी शुरू कर दी।

वसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं
मुख्यमंत्री 2016-17 का बजट पेश करने के बाद जब प्रेस वार्ता के लिए पहुंचे तो सबसे पहले प्रदेश वासियों को वसंत पंचमी की शुभकामनाएं दीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें