सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ जारी करते हुए साफ कहा कि उनकी सरकार में अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, उसकी जगह जेल में होगी और कानून-व्यवस्था के लिए एआई व आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल होगा। साथ ही उन्होंने 50 करोड़ तक के सरकारी ठेकों में पिछड़ों व दलितों को 50% आरक्षण, गन्ना भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ का फंड, पुरानी पेंशन और महिलाओं को 40 हजार रुपये सालाना सहायता का वादा किया।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करते हुए कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर अपराधी किसी भी जाति या धर्म का हो, उसकी जगह जेल में होगी। न गुंडागर्दी चलेगी, न जमीनों पर कब्जा और न ही अवैध वसूली बर्दाश्त की जाएगी। महिलाओं के प्रति अपराधों पर भी सरकार के सख्त रुख का संदेश दिया।
विज्ञापन
अखिलेश यादव ने ‘सत्ताइस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र’ नाम से घोषणापत्र जारी किया। इस दौरान वह लाल टोपी और नीला गमछा पहने नजर आए। उनके दाईं ओर पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान और बाईं ओर अयोध्या के सांसद एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद बैठे थे। मंच की यह तस्वीर भी सपा की पीडीए रणनीति के राजनीतिक संदेश को मजबूत करती दिखाई पड़ी।
Trending Videos
अखिलेश ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अपने भाषण में एक ही बात को कई बार दोहराया। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में अपराधी चाहे किसी भी जाति या धर्म का हो, उसकी एक ही जगह होगी-'कारागार में'। राजनीतिक तौर पर इसे भाजपा के उस आरोप की काट के तौर पर देखा जा रहा है, जिसमें सपा की सरकार आने पर ‘गुंडाराज’ लौटने की बात कही जाती है।
सरकारी ठेकों में 50 प्रतिशत आरक्षण
घोषणापत्र में 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में पिछड़ों और दलितों के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण का महत्वपूर्ण वादा किया गया है। इसे अखिलेश की पीडीए रणनीति के अहम हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। सरकारी विभागों में हर साल होने वाले हजारों करोड़ रुपये के ठेकों और वस्तुओं व सेवाओं की खरीद में टेंडर के जरिये मिलने वाले अवसरों में हिस्सेदारी बढ़ाने का यह वादा पिछड़े और दलित वर्ग को आकर्षित करने की खास रणनीति है।
किसानों और कर्मचारियों को भी साधा
अखिलेश यादव ने गन्ना किसानों के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का फंड बनाने और 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित करने का वादा किया। किसानों को नुकसान होने की स्थिति में उसकी भरपाई के लिए मूल्य क्षतिपूर्ति योजना लागू करने की भी बात कही। ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
प्रण पत्र में सरकारी कर्मचारियों को साधने के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल करने का वादा किया गया है। कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक और एआई के इस्तेमाल की बात भी घोषणापत्र में कही गई है। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये की सहायता देने की घोषणा भी की गई।
घोषणापत्र में किए गए वादे हवा-हवाई नहीं
अखिलेश ने कहा कि घोषणापत्र में किए गए वादे हवा-हवाई नहीं हैं। इन्हें पूरा करने के लिए आवश्यक धनराशि की व्यवस्था किस तरह होगी, इसका रोडमैप भी तैयार किया गया है।
‘जय संविधान, जय हिंदुस्तान’ का नारा देते हुए उन्होंने सभी धर्मों और जातियों को साथ लेकर चलने का संदेश दिया। घोषणापत्र के संदेश से अखिलेश ने साफ करने की कोशिश की कि पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक केवल चुनावी समीकरण नहीं, बल्कि उनकी राजनीति की प्राथमिकता हैं।