प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान और आरोप-प्रत्यारोप के बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने स्पष्ट किया कि गठबंधन बरकरार रहेगा। उन्होंने दोनों दलों के नेताओं को नसीहत दी कि वे अहंकार की भाषा न बोलें और ऐसी कोई बात न कहें, जिससे गठबंधन पर असर पड़े।
संविधान रक्षा मार्च में शामिल होने लखनऊ पहुंचे खरगे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। खरगे ने कहा, जब तक हम जीत हासिल नहीं कर लेते, तब तक हमें जिन कठिनाइयों से गुजरना है, हम गुजरते रहेंगे। लेकिन हमें जीत पक्की करनी है, सब मिलकर लड़ना है और आगे बढ़ना है। किसी को भी अहंकार की बात नहीं करनी चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। हमारी पार्टी और दूसरी पार्टी, जिसके साथ हमारा गठबंधन है गठबंधन रहेगा।
उन्होंने कहा, अहंकार की बात किसी को नहीं करनी चाहिए, क्योंकि हमें भाजपा को हटाना है। हमें मोदी और योगी की सरकार को हटाना है। जब तक ये मोदी-योगी हैं, यहां ऐसे लोगों की कमाई होगी, जो सिर्फ अपनी चलाएंगे। इसलिए आप गठबंधन को मजबूत करें और सरकार चुनकर लाएं। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी नसीहत दी कि अंदरूनी झगड़े जीत में बाधा बनेंगे, इसलिए आपस में न झगड़ें।
अपने भाषण की शुरुआत में खरगे ने कहा कि वे सांसद इमरान मसूद को सुनते रहते हैं और वे बहुत जोश से बात करते हैं। उन्होंने कहा, हमें बातों के साथ काम भी करना है। मसूद पार्टी के लिए लड़ते हैं। गौरतलब है कि गठबंधन में सीटों के बंटवारे की चर्चा के बीच सपा ने पांच प्रत्याशी घोषित कर दिए थे। इसके बाद से कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व सांसद इमरान मसूद सपा पर खासे हमलावर हैं, जिस पर सपा की ओर से सांसद इकरा हसन ने भी कड़ा जवाब दिया है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा, प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, सांसद इमरान मसूद, तनुज पुनिया, किशोरी लाल शर्मा, उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक दल के नेता वीरेंद्र चौधरी, अनिल जयहिंद, पूर्व सांसद पीएल पुनिया, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, अजय सिंह लल्लू और सुप्रिया श्रीनेत आदि उपस्थित थे।