चैत्र नवरात्र में प्रदेश के धार्मिक स्थलों को निर्बाध बिजली मिलेगी। इसमें किसी तरह की ढिलाई न बरतें। जरा सा भी फाल्ट की सूचना पर तत्काल टीम भेजकर अपूर्ति ठीक कराएं। यह निर्देश ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मंगलवार को बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान दिए।
उन्होंने कहा कि गर्मी में होने वाली बिजली समस्या से निपटने के लिए अभी से तैयारी की जाए। इसके लिए जर्जर तार व पोल एवं खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया तेज की जाए। ट्रांसफार्मर का लोड व उसके आयल को चेक किया जाए। सहायक ट्रॉली ट्रांसफार्मर की संख्या बढाई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि निकाय चुनाव शीघ्र ही शुरू होने वाले हैं। नवसृजित व नवविस्तारित नगरीय निकायों में विद्युत व्यवस्था सुधार के लिए चल रहे कार्यों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। इसके लिए 1096 करोड़ रुपये दिए गए हैं। सुदृढ़ीकरण के लिए चल रही आरडीएसएस स्कीम के कार्यों में तेजी लाएं।
हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार होगी कार्रवाई
उन्होंने कहा कि हड़ताली कर्मियों व संगठनों को उच्च न्यायालय ने सख्त हिदायत दी है। ऐसे लोगों के खिलाफ न्यायालय के आदेशों के क्रम में कार्रवाई होगी। हड़ताल के दौरान 3200 में 400 यूनिट बंद थीं, जो कि पूरे प्रदेश के विद्युत व्यवधान का एक प्रतिशत से भी कम मात्र 0.8 प्रतिशत रही। प्रदेश में बेमौसम बारिश, आंधी व ओलावृष्टि के कारण जहां कहीं पर भी विद्युत व्यवधान हुआ, उसे तत्काल ठीक किया जाए। जहां भी समस्या हो पीड़ित उपभोक्ता शीघ्र ही टोल फ्री नम्बर 1912 पर सम्पर्क करें। अधिकारी भी ऐसी शिकायतों को शीघ्र संज्ञान लेकर तत्काल व्यवधान को समाप्त करेंगे।
मार्च में सिर्फ 25 फीसदी वसूली पर नाराजगी
उन्होंने मार्च माह में सिर्फ 25 प्रतिशत राजस्व वसूली पर नाराजगी जताई। ज्यादा से ज्यादा वसूली के निर्देश देते हुए कहा कि कामर्शियल टीम को 24 घंटे एक्टिव रखें। बड़े बकायेदारों से वसूली के लिए उनके संपर्क किया जाए। उन्हें लगातार फोन करें। लाइनलॉस को कम करने तथा विद्युत चोरी रोकने के लिए हर स्तर पर सख्त कदम उठाएं। किसी भी सही उपभोक्ता का उत्पीड़न न किया जाए और फर्जी तरीके से भी किसी उपभोक्ता को न फंसाया जाए।
कनेक्शन कटने से पहले उपभोक्ताओं को मिलेगा मैसेज
प्रदेश के विद्युत उपभोक्ताओं का कनेक्शन काटने से पहले उनके मोबाइल नंबर पर मैसेज आएगा। मंगलवार को ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने मोबाइल नंबर को बिलिंग सिस्टम में एकीकरण की शुरूआत की। इससे करीब तीन करोड़ उपभोक्ताओं को फायदा होगा। उपभोक्ताओं द्वारा दिए गए मोबाइल नंबर पर विद्युत व्यवस्था, बिल, कनेक्शन, डिस्कनेक्शन एवं अन्य समस्याओं के संबंध में एलर्ट मैसेज मिलेगा। बिजल भुगतान करने तीन दिन पहले और अंतिम तिथि के बाद दो से तीन एलर्ट मैसेज भेजे जाएंगे। मैसेज के बाद भी बिल भुगतान न होने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे।
अभद्रता करने वालों को चिह्नित करने के निर्देश
ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने हड़ताल के दौरान काम करने वाले संगठनों को धन्यवाद देते हुए कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से उपभोक्ताओं को राहत मिली। विभागीय अधिकारियों एवं एनटीपीसी, टाटा पावर, बजाज, केस्को, ग्रेनों एवं अन्य संस्थान तथा कॉन्ट्रेक्टर द्वारा किए गए सहयोग पर भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जिन कार्मिक, संगठनों व ठेकेदारों ने विद्युत आपूर्ति में सरकार का सहयोग किया है उनके कार्यों का मजाक बनाया जा रहा है। उन्हें उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्हें बेवजह फंसाया भी जा रहा है। ऐसे कार्मिकों, अधिकारियों एवं संगठनों के पदाधिकारियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।