लखनऊ। अग्रसेन इंटर कॉलेज के अजीत कुमार व प्रतिज्ञा रावत ने जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में स्वर्णिम सफलता हासिल की। साथ ही क्रिश्चियन कॉलेज की अर्शी खान और नवजीवन इंटर कॉलेज के प्रीतम ने भी पहला स्थान हासिल किया। राजकीय हुसैनाबाद इंटर कॉलेज की ओर से चौक स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग की 600 मीटर दौड़ में अजीत ने बाजी मारी। अंडर-17 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में अर्शी ने अपनी श्रेष्ठता साबित की।
जनता गर्ल्स इंटर कॉलेज की सोनम दूसरे और जीएचएस गोशालालपुर की अदिति तीसरे स्थान पर रहीं। अंडर-19 बालक वर्ग की 800 मीटर दौड़ में नवजीवन इंटर कॉलेज के प्रीतम पहले और इंद्रजीत दूसरे स्थान पर रहे। केकेसी के आदेश पाल ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ में राष्ट्रपिता स्मारक इंटर कॉलेज की अनुष्का यादव विजेता रहीं। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की अदिति वर्मा दूसरे और आर्य कन्या इंटर कॉलेज की चांदनी तीसरे स्थान पर रहीं।
प्रतियोगिता का शुभारंभ सह निरीक्षक (आंग्ल) भारतीय विद्यालय यूपी राम सुजान मिश्रा ने किया। प्रतियोगिता में जिले के 40 विद्यालयों के बालक व बालिका खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में जोर आजमाइश कर रहे हैं। इस मौके पर उप क्रीड़ाधिकारी मो. मुशर्रफ खान, प्रधानाचार्य अमित कुमार सिंह, रजिया खातून, जनपदीय क्रीड़ा सचिव अमित श्रीवास्तव और संजय पांडेय आदि मौजूद रहे।