लखनऊ। ठाकुरगंज के लालाबाग में कार कंपनी के शोरूम में काम करने वाले बुजुर्ग वीके सिंह से बदमाशों ने चाकू दिखाकर जेवर और नकदी लूट ली। बदमाशों ने पहले उन्हें हत्या का डर दिखाकर रोका। फिर गर्दन पर चाकू लगाकर वारदात को अंजाम देकर बदमाश वहां से भाग निकले। पुलिस मुकदमा दर्ज कर जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक ठाकुरगंज सुनील दुबे के मुताबिक, जरनैलगंज निवासी वीके सिंह चौहान एक कार शोरूम में नौकरी करते हैं। बुधवार शाम को वह बुद्घेश्वर में शोरूम द्वारा बिजनेस प्रमोशन के लिए लगाई गई कैनोपी पर बाइक से जा रहे थे। वीके सिंह के मुताबिक, लालाबाग में सुनसान स्थान पर पीछे आए दो बाइक सवार बदमाशों ने यह कहकर रोका कि आगे लूट के बाद हत्या हुई है। वह दोनों पुलिसकर्मी हैं।
वीके सिंह ने उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया तो बदमाशों के पीछे से दो अन्य साथी और आ गए। बदमाशों ने उनको घेर लिया। गले पर चाकू लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उनकी सोने की अंगूठी, चेन और नकदी लूट कर भाग निकले। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वहीं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है।