लखनऊ: सऊदी अरब के रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे समेत तब्बुक और जीजान एयरपोर्ट पर हूती विद्रोहियों के हमले के बाद उड़ान संचालन पूरी तरह ठप हो गया है। हालात को देखते हुए एयरलाइंस इंडिगो ने रियाद, जेद्दा, दम्माम और मदीना की सभी उड़ानें 17 अक्टूबर तक निरस्त कर दी हैं।
इसके चलते लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रियाद जाने वाली फ्लाइनास की नियमित उड़ानें एक्सवाई 334 और एक्सवाई 320 रद्द कर दी गई हैं। उड़ानें ठप होने से प्रतिदिन लगभग 1200 यात्री प्रभावित हो रहे हैं, जिनमें बड़ी संख्या खाड़ी देशों में काम करने वाले कामगारों की है। सीधी उड़ानों के अलावा इंडिगो, एयर इंडिया और आकासा जैसी एयरलाइंस की कनेक्टिंग उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। एयरपोर्ट प्रशासन ने यात्रियों को सलाह दी है कि घर से निकलने से पहले संबंधित एयरलाइन से स्थिति की पुष्टि कर लें। अचानक उड़ानें रद्द होने से रियाद में फंसे भारतीय पर्यटक और लखनऊ में यात्री टिकट पुनर्निर्धारण को लेकर परेशान हैं।