लखनऊ। पीजीआई इलाके में बृहस्पतिवार को हुई सड़क दुर्घटना के मामले में कार सवार पावर ग्रिड से सेवानिवृत्त कर्मचारी और स्कूटी सवार युवकों में शुक्रवार को समझौता हो गया। युवकों ने स्कूटी की मरम्मत और इलाज कराने की शर्त पर तहरीर नहीं दी। इंस्पेक्टर रवि शंकर त्रिपाठी के मुताबिक पूछताछ के बाद वृद्ध को छोड़ दिया गया।
इंस्पेक्टर के मुताबिक प्रयागराज के शिवकुटी निवासी 70 वर्षीय वृद्ध बृहस्पतिवार को कार से पत्नी संग शादी समारोह में शामिल होने चिनहट जा रहे थे। कल्ली पश्चिम में शाम साढ़े चार बजे उनकी कार स्कूटी से टकरा गई थी। स्कूटी सवार दोनों युवक घायल हो गए थे। स्कूटी कार में फंसकर 400 मीटर तक घिसटती चली गई थी। लोगों के शोर मचाने और दौड़ाने पर घबराए वृद्ध ने कार दौड़ा दी थी। आधा किलोमीटर तक पीछा करने के बाद लोगों ने उन्हें रोक लिया था। धक्का मुक्की भी हुई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।