बंधुआ मजदूरी के खिलाफ अभियान चलाने वाले स्वामी अग्निवेश ने कहा है कि वह भारत छोड़ो आंदोलन की तर्ज पर अब ‘शराब छोड़ो’ अभियान चलाएंगे।
बिहार में शराबबंदी को एक अच्छी पहल बताते हुए उन्होंने यूपी सरकार से भी शराब की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर शराबबंदी लागू कराने के लिए वह सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर करेंगे।
राष्ट्रीय बंधुआ मजदूर मुक्ति मोर्चा के 24 मई से शुरू होने वाले दो दिवसीय सम्मेलन में शिरकत करने लखनऊ पहुंचे अग्निवेश ने सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि भारतीय संविधान की धारा-47 में शराबबंदी का प्रावधान भी है, इसके बावजूद सरकारें राजस्व नुकसान के बहाने शराबबंदी को नजरअंदाज कर रही हैं।