फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी रोको मिशन के लिए तैनात हुए सिपहसालार

Sun, 04 May 2014 10:58 AM IST
शोभित श्रीवास्तव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
मोदी को अपने लिए सबसे बड़ा खतरा मानने वाली कांग्रेस ने वाराणसी और वड़ोदरा में उनका गणित बिगाड़ने के लिए अपने खास सिपहसालार तैनात किए हैं।
विज्ञापन


कांग्रेस ने अपना सारा ध्यान वाराणसी सीट पर केंद्रित कर दिया है। यहां पर भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी चुनाव मैदान में हैं।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद वाराणसी में डेरा डाल दिया है। वाणिज्य मंत्री आनंद शर्मा व अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री के रहमान खान भी वाराणसी में ही हैं।
कांग्रेस के महासचिव मधुसूदन मिस्त्री वड़ोदरा में नरेंद्र मोदी के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।

वहां का चुनाव खत्म हो गया है, लिहाजा पांच मई से उन्हें भी वाराणसी पहुंचने के निर्देश कांग्रेस आला कमान ने दिए हैं। वाराणसी से वर्तमान विधायक अजय राय चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस यहां पर मोदी को हराने के लिए पूरी ताकत लगा रही है।
विज्ञापन

झोंक दी पूरी ताकत

इसके ‌अलावा प्रदेश में बचे अंतिम दो चरणों पांचवें व छठे चुनाव की 33 लोकसभा सीटों के लिए कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।

अवध व पूर्वांचल की इन सीटों पर कांग्रेस अब अंतिम समय में कोई कोर-कसर छोड़ना नहीं चाहती है। अपनी इसी रणनीति के तहत कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी व राहुल गांधी अपने साथ स्टार प्रचारकों की लंबी-चौड़ी फौज को इसी क्षेत्र में उतार दिया है।

वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को अवध क्षेत्र से सबसे अधिक सफलता मिली थी। पांचवें चरण की जिन 15 सीटों के लिए सात मई को मतदान होना है उसमें से सात सीटें कांग्रेस के खाते में हैं।

कांग्रेस के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई

कांग्रेस इन सीटों को बचाने के लिए प्रतिष्ठा की लड़ाई लड़ रही है। खुद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी यहां अपनी ताकत झोंक रहे हैं।

फूलपुर से क्रिकेटर मो. कैफ कांग्रेस के प्रत्याशी हैं। जबकि इलाहाबाद से हाल ही में बसपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हुए नंद गोपाल गुप्ता नंदी प्रत्याशी हैं।

गोंडा से केंद्रीय इस्पात मंत्री बेनी प्रसाद वर्मा अपनी किस्मत फिर से आजमा रहे हैं। इन सीटों पर कांग्रेस का माहौल बनाने के लिए राहुल गांधी पांच मई को कैसरगंज व गोंडा में चुनावी जनसभा करेंगे।

इसी दिन दूसरी जनसभा फूलपुर व इलाहाबाद लोकसभा चुनाव क्षेत्र की संयुक्त रूप से करेंगे। राहुल गांधी छह मई को राबर्ट्सगंज, मिर्जापुर व जौनपुर में भी चुनावी जनसभा कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे।

प्रचार और रोड शो से बनेगा माहौल

जौनपुर में कांग्रेस ने भोजपुरी कलाकार रवि किशन को मैदान में उतारा है। जबकि नौ मई को डुमरियागंज, बांसगांव व देवरियां में राहुल गांधी जनसभा करेंगे। दरअसल डुमरियागंज सीट कांग्रेस के पास थी।

यहां से कांग्रेस के सांसद जगदंबिका पाल अब भाजपा के टिकट से चुनाव लड़ रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस ने अब यहां से जय प्रताप सिंह की पत्नी वसुंधरा कुमारी को चुनाव में उतारा है।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी भी सात मई को कुशीनगर व सलेमपुर में जनसभा करेंगी। कुशीनगर से केंद्रीय गृह राज्यमंत्री आरपीएन सिंह व सलेमपुर लोकसभा सीट से भोला पांडेय चुनाव मैदान में हैं। कांग्रेस इन सीटों पर भी अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुटी है।

एक-दो दिनों में राहुल व सोनिया के कुछ और कार्यक्रम इन्हीं क्षेत्रों में लगेंगे। इनके अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री अमीषा पटेल, नगमा, राजबब्बर, राजीव शुक्ला, अभिषेक मनु सिंघवी, सलीम शेरवानी, सलमान खुर्शीद, जितिन प्रसाद, सचिन पायलट आदि स्टार प्रचारकों की इन क्षेत्रों में हर दिन दो से तीन जनसभाएं व रोड शो लगाए जा रहे हैं।
विज्ञापन

2009 में यहां मिली थी जीत

कांग्रेस को 2009 में इन सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

अमेठी, सुलतानपुर, फैजाबाद, बहराइच, कैसरगंज, श्रावस्ती, गोंडा, डुमरियागंज, महाराजगंज व कुशीनगर।

इस चुनाव में मोदी तो कांग्रेस के लिए सबसे बड़ा खतरा बनकर उभरे ही हैं साथ ही देश भर में एंटी कांग्रेस लहर भी चल रही है। जिसे भाजपाई 'मोदी लहर' नाम दे रहे हैं।

सर्वे और राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह चुनाव कांग्रेस के लिए सबसे खराब परिणाम वाला होने जा रहा है। जिसमें पार्टी सिर्फ दो अंकों वाली सीट बनकर रह जाएगी।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें