लखनऊ के बंथरा इलाके के नरौना गांव में उबर कार चालक अजीत अवस्थी (50) की गला रेतकर हत्या कर दी गई। उसका शव ड्राइविंग सीट पर पड़ा था। पुलिस ने कार से हत्या में इस्तेमाल चाकू व तकिया बरामद किया। बकौल पुलिस, तकिया से मुंह दबाकर सब्जी काटने वाले चाकू से गला रेता गया है।
क्षेत्राधिकारी कृष्णानगर लाल प्रताप सिंह के मुताबिक, मूलरूप से कानपुर देहात निवासी अजीत अवस्थी उबर कैब चलाता था। कार उसकी ही थी। अजीत काकोरी के दुबग्गा इलाके में रहता था। मंगलवार सुबह बंथरा के नरौना गांव के बाहर राम गुप्ता के खेत में लोगों ने अजीत की कार लावारिस हालात में खड़ी देखी। ग्रामीणों के मुताबिक, कार में अजीत औंधे मुंह ड्राइविंग सीट के बगल वाली सीट पर पड़ा था।
उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। खून बह रहा था। उसके सिर व पीठ को एक तौलिये से ढंका गया था। क्षेत्राधिकारी के मुताबिक, छानबीन में कार से मिले मोबाइल, पैसा व अन्य सामान की मदद से अजीत की पहचान कर परिवारीजनों को सूचना दी गई। तकिया व चाकू कब्जे में लेकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया। पुलिस के मुताबिक, आशंका है किसी करीबी ने अजीत की हत्या साजिश रचकर की है।