आंखें मूंदकर दिया दाखिला, अब बता रहे पूरी नहीं करते योग्यता
लविवि में शिल्पकला संकाय के आठ दाखिले निरस्त करने की सिफारिश
छात्रों की उम्र अधिक, काउंसलिंग के समय भी नहीं पकड़ी गलती
लखनऊ विश्वविद्यालय ने पूरी प्रवेश प्रक्रिया करने और फीस जमा कराने के बाद फाइल आर्ट्स फैकल्टी के आठ दाखिले निरस्त किए जा रहे हैं। विवि प्रशासन का कहना है कि आवेदन फॉर्म में साफ निर्देश था कि 24 साल से ज्यादा उम्र के अभ्यर्थी दाखिले के लिए अर्ह नहीं होंगे। इसके बावजूद इन अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। वहीं अभ्यर्थियों का कहना है कि जब उन्होंने आवेदन किया था तो कम से कम दाखिले के समय ही उन्हें यह बात बताई जाती तो फिर वे दूसरे पाठ्यक्रम मेें दाखिला ले लेते और उनका साल बर्बाद न होता।
लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रवेश प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। शिल्पकला महाविद्यालय में दाखिला पाने वाले आठ अभ्यर्थी पढ़ाई के बजाय इस समय अपना दाखिला बचाने के लिए दौड़ रहे हैं। विवि में फाइन आर्ट्स को छोड़कर अन्य किसी पाठ्यक्रम में आयु की अधिकतम सीमा निर्धारित नहीं की गई है। फाइन आर्ट्स के स्नातक पाठ्यकम में 24 साल से अधिक उम्र के अभ्यर्थियों को दाखिला नहीं दिया जाता है। लविवि ने न तो आवेदन और ना ही काउंसलिंग के समय इनकी अर्हता देखी। इसके बाद पढ़ाई के समय उनका दाखिला रद्द करने क ी प्रक्रिया चल रही है।
आख्या मांगी है
आर्ट्स कॉलेज में अर्हता न होने के बावजूद दाखिला लेने का मामला संज्ञान में आया है। प्रवेश अनुभाग से आख्या मांगी गई है। इसके बाद ही दाखिलों पर कोई फैसला किया जाएगा।
- शैलेश शुक्ला,
कुलसचिव, लविवि