जम्मू-कश्मीर में नए घटनाक्रम को देखते हुए केंद्र सरकार की एडवायजरी के बाद पूरे प्रदेश को हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। डीजीपी ओपी सिंह ने इस संबंध में सभी जोन के अपर पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक रेलवे, रेंज के आईजी और डीआईजी, जिलों के एसएसपी और एसपी को निर्देश जारी कर दिए हैं। केंद्र ने यूपी समेत कई राज्यों को भेजी एडवायजरी में हिंसा की आशंका को देखते हुए पुलिस से मॉक ड्रिल करने का निर्देश भी जारी किया गया है।
डीजीपी ने जिलों के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त सजगता बरतने और समुचित पुलिस प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा है। साथ ही निर्देश दिया है कि शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत कश्मीरी छात्रों और कार्यालय, प्रतिष्ठान में सेवारत कश्मीरी मूल के व्यक्तियों की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं।
भड़काऊ पोस्ट पर तत्काल कार्रवाई करें
सोशल मीडिया पर कोई भ्रामक या भड़काऊ अफवाह पोस्ट करने या वायरल करने पर उसका खंडन करने और संबंधित के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई अविलंब सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
किसी भी तरह की रैली की न दें अनुमति
डीजीपी ने कहा है कि मौजूदा हालात में किसी प्रकार के जुलूस या मोटरसाइकिल रैली की अनुमति न दें। स्थानीय अभिसूचना तंत्र को तत्काल सक्रिय करें। राजनैतिक दलों द्वारा इस मामले में धरना-प्रदर्शन और विरोध की स्थिति का आंकलन कर संबंधित उच्चाधिकारियों को सूचना दें। सभी थाना प्रभारी, क्षेत्राधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक निरंतर दौरे कर स्थिति पर निगाह रखें।