बख्शी का तालाब। मझोरिया गांव में प्रधान राकेश यादव के घर के सामने लगभग 20-25 युवकों ने बृहस्पतिवार की दोपहर डेढ़ बजे हवाई फायरिंग की। घर पर मौजूद प्रधान की पत्नी कुसुम ने पुलिस से शिकायत करते हुए घटना का वीडियो पुलिस को सौंपा है।
कुसुम का आरोप है कि बृहस्पतिवार को उसके पति प्रधान मझोरिया राकेश यादव घर पर नहीं थे। बेटा आदित्य खेतों में पानी लगा रहा था। इसी दौरान गांव के पूर्व प्रधान अपने 20-25 साथियों के साथ बाइकों पर सवार होकर हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए घर के सामने से दो बार निकले। इस दौरान बाइक सवारों ने जान से मारने की धमकी भी दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में जांच के बाद पुलिस वापस आ गई। पीड़ित प्रधान पत्नी कुसुम ने बख्शी का तालाब पुलिस को लिखित शिकायत करते हुए कार्रवाई की मांग की है। अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक कैलाश दुबे ने बताया कि पुलिस घटना की जांच कर रही है।
होली पर धुलेरी के दौरान हुआ विवाद
कुसुम का आरोप है कि होली पर बुधवार को होरियारों की टोली के बीच धुलेरी के दौरान हुए विवाद को ग्रामीणों ने आपसी सुलह से शांत करवा दिया गया था। लेकिन आरोपियों ने बृहस्पतिवार को गांव में दहशत फैलाने का काम किया।