उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इलाहाबाद में मारे गए वकील के परिजनों को 20 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही अधिकारियों को 24 घंटे के अंदर कार्रवाई कर अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करने के आदेश दिए हैं।
गौतरलब है कि इलाहाबाद के कर्नलगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक वकील की हत्या के बाद हालात बिगड़ गए। वकीलों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। इतना ही नहीं कई क्षेत्रों में आगजनी की घटनाओं को भी अंजाम दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने भारी पुलिस फोर्स मौके पर तैनात कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक घर से न्यायालय जा रहे अधिवक्ता राजेश श्रीवास्तव की बाइक सवारों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली मारने के बाद अपराधी फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि गुरुवार को कुंभ की तैयारियों की समीक्षा के लिए प्रदेश के डीजीपी ओपी सिंह और मुख्य चीफ सेक्रेटरी राजीव कुमार भी शहर में हैं। जहां पर हत्या हुई वहां से दोनों का काफिला कुछ देर पहले ही गुजरा था।
वकीलों के आक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द कार्रवाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।