- पीड़िता की तहरीर पर विभूतिखंड थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ केस
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। चिनहट निवासी महिला अधिवक्ता से एसयूवी सवार युवकों ने अभद्रता की। विरोध पर महिला का बाल पकड़कर घसीटा और जान से मारने की धमकी देकर भाग निकले। महिला ने विभूतिखंड थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। पुलिस गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपियों का पता लगा रही है।
महिला के मुताबिक 10 अगस्त को रात में वह परिवार के साथ कार से निकली थीं। वह लोहिया पार्क की तरफ से ओवर ब्रिज से उतर कर यू टर्न लेकर जैसे ही आगे बढ़ीं। आरोप है कि इसी बीच एक तेज रफ्तार सफेद कलर की एसयूवी गाड़ी से पांच लोगों ने उनकी कार के सामने गाड़ी लगा दी। सभी नशे में थे और उनके पास असलह भी थे। आरोपियो ने गाड़ी से उतरकर गाली गलौज की और महिला के नंदोई की पिटाई शुरू कर दी। महिला नंदोई को बचाने के लिए कार से उतरी तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता की। आरोपियों ने महिला का बाल पकड़ लिया। पीड़िता खुद को बचाने के लिए वापस कार में जाकर बैठ गई। इस बीच वहां पर भीड़ जमा हो गई। लोगों की भीड़ देखकर आरोपी धमकी देकर भाग निकले। इस घटना से महिला दहशत में है। पीड़िता ने पुलिस को आरोपियों की गाड़ी का नंबर दिया है। इंस्पेक्टर सुनील कुमार के मुताबिक कार नंबर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।