खाद्य आयुक्त मनीष चौहान ने सीतापुर और लखीमपुर खीरी जिलों में मंडी स्थित धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान सीतापुर जिले में क्रय केंद्रों पर खरीदे गए धान को समय से राइस मिल नहीं भेजने और अन्य अनियमितताएं मिलीं। इस पर जिला विपणन अधिकारी अरविंद दुबे को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है।
इसके अलावा सीतापुर जिले में मंडी समिति के केंद्र पर धान खरीद में लापरवाही पर वहां के प्रभारी को प्रतिकूल प्रविष्टि और खाद्य विभाग के क्रय केंद्रों पर धान डंप होने व राइस मिलों को धान न भेजने के कारण दो केंद्र प्रभारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। साथ ही मंडी समिति व पीसीएफ केंद्र प्रभारियों को कम खरीद पर कड़ी चेतावनी दी गई। उधर, लखीमपुर खीरी जिले में मंडी, पीसीएफ, पीसीयू और भारतीय खाद्य निगम के क्रय केंद्रों पर धान की खरीद कम होने पर केंद्र प्रभारियों को कठोर चेतावनी दी गई। खाद्य आयुक्त ने बताया कि प्रत्येक कांटे पर न्यूनतम 300 क्विंटल धान की तौल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
मक्का खरीद शुरू, एक लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य
खाद्य आयुक्त ने बताया कि प्रदेश में मक्का की खरीद शुरू हो गई है। इस वर्ष एक लाख मीट्रिक टन मक्का खरीद का लक्ष्य रखा गया है। इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य 1,850 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।