प्रमुख सचिव एमएसएमई नवनीत सहगल
- फोटो : amar ujala
अपर मुख्य सचिव सूचना नवनीत सहगल ने कहा कि प्रदेश में आर्थिक गतिविधियां तेजी से चलें इसके लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। अधिकाधिक रोजगार सृजन के लिए भी कदम उठाए जा रहे हैं। आत्मनिर्भर यूपी रोजगार-स्वरोजगार सृजन अभियान में इस वित्तीय वर्ष में 14 मई से अब तक करीब 5.80 लाख नई इकाइयों को 15,526 करोड़ रुपये ऋ ण वितरण किया गया है। अभियान से करीब 25 लाख रोजगार के अतिरिक्त अवसर भी पैदा हुए हैं। वे मंगलवार को लोकभवन में पत्रकारों से बात कर रहे थे।
उन्होंने बताया कि अब तक 10 लाख से अधिक इकाइयों को 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक की मदद उपलब्ध कराई गई है। अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में सर्विलांस टीम ने 1,48,276 क्षेत्रों में 2,78,86,876 घरों के 13,71,91,324 लोगों का सर्वेक्षण किया है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय उपचार के लिए ई-संजीवनी पोर्टल शुरू किया गया है। इस पोर्टल के जरिए अब तक 1,65,636 लोगों ने चिकित्सकीय परामर्श लिया है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार कोविड केयर के साथ-साथ नॉन कोविड केयर पर भी पूरा ध्यान दे रही है।