लखनऊ। रमजान और होली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने मिलावट के खिलाफ शुरू किए गए अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर छापा मारकर 17 किलो मिलावटी खोवा नष्ट कराया। इसके साथ ही नमकीन, बेसन, तेल और दाल समेत 2,942 किलो सामान सीज किया गया जिसकी अनुमानित कीमत 46.42 लाख रुपये है।
विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य तेल, दुग्ध उत्पाद, बेसन, आटा, नमकीन, मटर दाल व अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है। टीम ने पुरानी बाजार इटौंजा (बीकेटी) स्थित बीएन इंटरप्राइजेज में मानकों के विपरीत पैकिंग करने पर 16,300 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल और 9,081 लीटर सरसों तेल सीज किया। पैकेटों पर अधूरी व भ्रामक जानकारी अंकित थी। मोहिबुल्लापुर स्थित हरियाणा गृह उद्योग से 338 किलो बेसन व 128 किलो आटा, मक्खीजा नमकीन से 428 किलो नमकीन तथा महादेव ट्रेडर्स जलालपुर से 1,923 किलो मटर दाल और 99 किलो रंगीन बूंदी जब्त की गई।
खोवामंडी कुमरावा (बीकेटी) में जांच के दौरान 17 किलो दुर्गंधयुक्त खोवा मानव उपभोग के अयोग्य पाया गया, जिसे नष्ट कराया गया। वहीं, भूहर ग्राम दुबग्गा स्थित राधा इंटरप्राइजेज को बिना खाद्य लाइसेंस संचालन पर तत्काल बंद कराया गया। विभाग के सहायक आयुक्त विजय प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के तहत कुल 29,420 किलोग्राम खाद्य पदार्थ, जिनकी अनुमानित कीमत 46,42,645 रुपये है, सीज किए गए। उन्होंने बताया कि मिलावट के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।