Admission aplication stuck due to rules
लखनऊ। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) से संबद्ध प्रदेश के फार्मेसी, मैनेजमेंट व डिजाइन संस्थानों में प्रवेश के लिए बृहस्पतिवार से शुरू होने वाले प्रवेश आवेदन प्रक्रिया नियमों के फेर में फंस गए। देर रात तक न तो नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) की वेबसाइट पर इससे जुड़ा कोई लिंक आया और न ही इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश अपलोड हो सके। इसे लेकर विद्यार्थी काफी परेशान हुए। एकेटीयू प्रशासन की माने तो प्रवेश आवेदन प्रक्रिया शुरू होने में अभी दो-तीन दिन का समय लग सकता है।
जानकारी के अनुसार विश्वविद्यालय के एक दर्जन कोर्सों के लिए प्रवेश आवेदन शुरू करने की तिथि 18 मार्च फाइनल की गई। इसके बाद कुछ मुद्दों पर एकेटीयू और एनटीए के बीच पत्राचार जारी रहा। एनटीए की ओर से कुछ मुद्दे उठाए गए, जिस पर एकेटीयू की ओर से भेजे गए जवाब से वह संतुष्ट नहीं हुआ। उसकी ओर से फिर कुछ जानकारी मांगी गई, जिसका बुधवार देर रात तक जवाब नहीं जा सका। इसे लेकर बृहस्पतिवार को एकेटीयू में अधिकारियों की बैठक में चर्चा कर सहमति बनी। इसके बाद देर शाम एनटीए को सूचना भेजी गई। इस क्रम में अभी प्रवेश आवेदन की प्रक्रिया शुरू होने में दो-तीन दिन का समय लगने की उम्मीद है। बता दें कि इस साल पहली बार एकेटीयू के संबद्ध संस्थानों में बीफार्मा, बीफार्मा लेटरल एंट्री, बीटेक लेटरल एंट्री, बीएफए, बीएफएडी, बीडेस, बीवोक, बीएचएमसीटी, एमबीए इंटीग्रेटेड, एमसीए, एमसीए लेटरल एंट्री, एमसीए इंटीग्रेटेड कोर्स के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन एनटीए द्वारा किया जा रहा है, जिसके लिए प्रवेश आवेदन 18 मार्च से शुरू होने थे, लेकिन नहीं हो सके। प्रति कुलपति प्रो. विनीत कंसल ने कहा कि एनटीए अधिकारियों के लगातार संपर्क में हैं और उनकी क्वेरी को दूर किया जा रहा है। आज भी पत्राचार किया गया है। प्रवेश आवेदन से जुड़े दिशा-निर्देश फाइनल हो चुके हैं। आज आवेदन प्रक्रिया नहीं शुरू हो सकी। अगले दो-तीन दिन में प्रवेश आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है।