लखनऊ। नेपाल में आई त्रासदी के बीच लखनऊ प्रशासन भी सतर्क हो गया है। एडीएम (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार सिंह ने बताया कि राहत आयुक्त कार्यालय से लगातार संपर्क रखा जा रहा है। लोगों से भी नेपाल में किसी लखनवी के फंसे होने, लापता होने या हताहत होने की सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन से साझा करने का अनुरोध किया है। जिला आपदा कंट्रोल रूम प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम के ट्रोल फ्री नंबर 1077, मोबाइल नंबर 9415002525 या लैंडलाइन नंबर 0522-2615195 पर जानकारी दी जा सकती है।
एडीएम ने बताया कि नेपाल में हाल में आई भीषण बाढ़ और भूस्खलन से कई इलाकों में भारी तबाही हुई है। सड़क, पुल और अन्य बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है। बड़ी संख्या में लोगों के हताहत और लापता होने की सूचनाएं सामने आई हैं। हालांकि, अभी तक नेपाल त्रासदी में किसी भी लखनवी के फंसे होने या हताहत होने की सूचना नहीं है, इसके बाद भी प्रशासन इस पर लगातार नजर बनाए हुए है। इसी क्रम में जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार और राजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम प्रधानों से लगातार संपर्क रखने और नेपाल से संबंधित किसी भी महत्वपूर्ण सूचना के मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराने के लिए कहा गया है।