फैजुल्लागंज में बाइक से निरीक्षण करने पहुंचे एडीएम
लखनऊ। फैजुल्लागंज में बने बाढ़ जैसे हालात देखने पहुंचे एडीएम वित्त और एसडीएम को रविवार को खुद बाइक से अंदर जाना पड़ा। यहां पानी भरा होने की वजह से गाडियां अंदर तक जा ही नहीं पाई। अब अधिकारियों ने कार्ययोजना बनाकर वहां हालात सुधारने के लिए कहा है।
डीएम कौशलराज शर्मा के आदेश पर एडीएम वित्त अवनीश सक्सेना और एसडीएम सदर अभिनव रंजन निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। क्षेत्रीय कानूनगो रत्नेश कुमार से जानकारी लेने के बाद अधिकारियों को कॉलोनियों के अंदर जाने के लिए मोटर साइकि ल की सवारी करनी पड़ गई। यहां उन्होंने दाऊदनगर, लोहरामऊ और कोल्हुवागाढ़ा का निरीक्षण किया। एडीएम वित्त ने क्षेत्र में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए हैं। वहीं जरूरी संसाधन भी जुटाने केलिए कहा है जिससे कि हालात बिगड़ने पर निपटा जा सके। यहां अधिकारियों को पुलिया भी बंद मिली जिससे पानी की निकासी न होने पर जलभराव हो रहा है। अलग-अलग विभागों से भी अब जिला प्रशासन वार्ता करेगा।