एडीआरएम ने यात्रियों से पूछा सुविधाओं का हाल
लखनऊ। चारबाग रेलवे स्टेशन पर शनिवार रात उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) काजी मेराज अचानक पहुंच गए। उन्होंने रात में गुजरने वाली गाड़ियों का औचक निरीक्षण किया। पहले चारबाग स्टेशन पर चल रहे प्रगति कार्यों, वॉशेबल एप्रेन, प्रतीक्षालय, खानपान स्टाल, वाटर बूथ, सबवे, प्लेटफॉर्म की सफाई व्यवस्था देखी। कमियां मिलने पर उन्हें दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। इसके बाद उन्होंने 12231 लखनऊ चंडीगढ़ एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में यात्रियों से बातचीत की। सुविधाओं के बारे में पूछताछ की। शौचालयों की सफाई और पानी की उपलब्धता के बारे में फीडबैक लिया। ऐसे ही गाड़ी संख्या 14258 काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस में भी उन्होंने पैसेंजरों से संवाद किया और पैसेंजरों की परेशानियों को जल्द दूर करने की बात कही।