आनंद कुमार ने बताया कि संभावना है कि किसी विधायक का मोबाइल हैक कर अन्य विधायकों के निजी नंबरों पर मेसेज किए गए। जिन विधायकों को धमकी दी गई है वहां के पुलिस कप्तानों को विधायक व उनके परिजनों की सुरक्षा पुख्ता करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब तक 12 विधायकों ने दर्ज कराई शिकायत
अब तक 12 विधायकों ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई है। लखनऊ में कई अन्य लोगों को ऐसे मेसेज मिलने की बात सामने आई है। अन्य राज्यों में जिन लोगों को मेसेज भेजे गए उनके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। अगर ऐसी धमकियां किसी और के पास भी आई है तो वह नजदीकी थाने जाकर एफआईआर दर्ज करा सकता है।
मुख्यमंत्री ने लिया मामले का संज्ञान, जांच के आदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) से इस संबंध में जानकारी लेकर तत्काल एटीएस और एसटीएफ से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रकरण का शीघ्र खुलासा कर दोषियों खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने को कहा है।
व्हाट्स एप के जरिए अमेरिका के नंबर से दी जा रही धमकी के मामले में बुधवार को कई और विधायक के नाम सामने आए। अब तक कुल 18 विधायक पुलिस को जानकारी दे चुके हैं कि उनके पास भी इस तरह के मैसेज आए हैं, जिसमें 10 लाख रुपये की मांग की गई है और पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी गई है।
जांच में जुटी एजेंसियों का कहना है कि मेसेज करने वाला व्यक्ति बड़ा ही शातिर और इंटरनेट का जानकार है। उसको पता है कि उसकी आईपी और वास्तविक लोकेशन के लिए पुलिस कौन कौन से तरीके अपना सकती है। पुलिस ने उससे व्हाट्स एप पर चैट कर पहुंचने की कोशिश की तो वह पुलिस से ही खेलने लगा और पुलिस को चुनौती देने लगा।
इसके बाद पुलिस ने लॉ इंफोर्समेंट एजेंसीज की मदद से अभियुक्त की वास्तविक आईपी और ईमेल आईडी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। एक अधिकारी ने बताया कि उसके हाथ में मोबाइल है और वह किसी को भी यह मैसेज फारवर्ड कर रहा है। यह संख्या और भी अधिक हो सकती है जिनके पास इस तरह के मैसेज किए गए हैं। एडीजी कानून व्यवस्था आनंद कुमार का कहना है कि एक ही व्यक्ति एक ही नंबर का इस्तेमाल कर इस तरह की धमकी दे रहा है। ऐसे में उस तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
मामले में डीजीपी ओपी सिंह ने जांच के लिए एसटीएफ के आईजी अमिताभ यश के नेतृत्व में तीन सदस्यीय एसआईटी का गठन कर दिया है। सभी संबंधित जिलों के एसपी को एसटीएफ से सहयोग करने के लिए कहा गया है। साथ ही केंद्रीय गुप्तचर एजेंसियों की भी मदद ली जा रही है।
यूपी के 18 विधायकों के अलावा मध्यप्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के कुछ लोगों को भी इस तरह के धमकी भरे मेसेज किए गए हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मामले का जल्द खुलासा कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को एक के बाद एक लगभग दर्जन भर विधायकों के अमेरिका के नंबर से व्हाट्सएप मैसेज पहुंचा। जिनमें तीन दिन के अंदर 10 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की गई। कुछ विधायक से बिटक्वाइन आईडी बताकर उस पर बिटक्वाइन में रकम मांगी गई। बुधवार को भी छह और विधायकों ने इसकी शिकायत की। इसके बाद राज्य की सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हुए और आननफानन में केंद्रीय सुरक्षा व खुफिया एजेंसियों से इस मामले में सहयोग की मांग की गई। व्हाट्सएप सिस्टम एडमिनिस्ट्रेटर से भी संपर्क कर इस बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।