स्टेडियम में हजारों की भीड़ जुटने से कोरोना संक्रमण के फैलने के अंदेशे को देखते हुए डब्ल्यूएचओ से जारी गाइडलाइन को मैच के दौरान स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर लागू कराया जाएगा। 12 मार्च को धर्मशाला स्टेडियम में कोरोना से बचाव को किए जा रहे इंतजाम को राजधानी में भी अमल में लाया जाएगा।
स्वीमिंग पूल, रेस्टोरेंट, हेल्थ क्लब पर भी नजर
भारतीय व दक्षिण अफ्रीकी टीम के सदस्यों की होटल में मौजूदगी के दौरान वहां संचालित हेल्थ क्लब, स्वीमिंग पूल, रेस्टोरेंट या कमरों में होटल अतिथियों संग अन्य किसी भी बाहरी का आगमन प्रतिबंधित रहेगा। यह जानकारी जिला प्रशासन की ओर से मैच आयोजन की तैयारियों को नामित प्रभारी अधिकारी व एडीएम प्रशासन एपी सिंह ने दी। बताया कि ऐसे किसी भी बाहरी के होटल में प्रवेश को रोकने के सख्त इंतजाम होंगे।
होटल स्टाफ का चरित्र सत्यापन जरूरी
क्रिकेट टीमों की मेहमाननवाजी से जुड़े होटलों के स्टाफ व अधिकारियों का पुलिस सत्यापन भी होगा। सुरक्षा तैयारियों का जायजा परखने को एडीएम प्रशासन व पुलिस के सहायक आयुक्त प्रोटोकाल ने अफसरों की टीम के साथ दोनों होटलों का निरीक्षण कर जरूरी निर्देश दिए।
झूलते तार कसने के निर्देश
होटल और स्टेडियम के बीच के रूट पर लगे बिजली के खंभों से लटक रहे तार कसे जाएंगे। प्रशासन ने लेसा महाप्रबंधक को इस बाबत निर्देश भी दिए हैं।