धान खरीद के लिए मिर्जापुर, चंदौली व बलिया में अतिरिक्त क्रय केन्द्र खोले जाएंगे। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने इसके निर्देश बृहस्पतिवार को धान खरीद की समीक्षा बैठक में दिए।
अतिरिक्त क्रय केंद्रों को खोलने के लिए मंडी परिषद के निदेशक को निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने इसके साथ साथ यह कहा कि जिन क्रय केन्द्रों में किसान धान लेकर आ रहे हैं, उनको चालू रखा जाए तथा जिन केन्द्रों में किसान नहीं आ रहे हैं, उन्हें जिलाधिकारी की संस्तुति पर बन्द करने पर विचार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि धान क्रय केन्द्रों में किसानों को किसी भी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए तथा सही तौल निर्धारित मूल्य पर क्रय और समय से भुगतान सुनिश्चित कराया जाए। धान क्रय केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया जाए तथा यदि कहीं पर कोई अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जाए। बैठक में बताया गया कि किसानों की समस्याओं के निराकरण हेतु मुख्यालय स्तर पर भी कंट्रोल रूम बनाया गया है तथा प्राप्त शिकायतों का निस्तारण त्वरित गति से कराया जा रहा है।