मोहिबुल्लापुर के नजदीक स्थित अग्रसेन हाइट्स ग्रुप हाउसिंग में लखनऊ विकास प्राधिकरण की जांच के बाद प्रत्येक तल पर एक अतिरिक्त फ्लैट बनाया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यहां एलडीए द्वारा स्वीकृत 88 फ्लैटों की जगह 96 फ्लैटों का निर्माण किया गया है।
प्राधिकरण अब इस बिल्डिंग में अवैध निर्माण के खिलाफ उप्र नगर विकास अधिनियम की धारा-27 के तहत कार्रवाई करेगा।
इसमें पहले नोटिस और बाद में सीलिंग की कार्रवाई होगी। गोदावरी डवलपर लिमिटेड की यह निर्माणाधीन बिल्डिंग अग्रसेन हाइट्स के नाम से सीतापुर रोड मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशन के पास स्थित है।
इसका मानचित्र ग्रुप हाउसिंग का पास है। जिसकी परमिट संख्या 28,579 है। बिल्डिंग में फिलहाल ग्राउंड फ्लोर मिला कर आठ मंजिल तक का निर्माण किया जा चुका है।
पिछले दिनों विधानपरिषद में एक सवाल पूछे जाने के बाद प्राधिकरण ने बुधवार से इस मसले की जांच शुरू करवाई थी।
विधान परिषद में सवाल उठा था कि 80 फ्लैट का मानचित्र पास करा के यहां 120 फ्लैटों का निर्माण करवा लिया है।
इस दौरान यह भी कहा गया कि इमारत में कई और अवैध निर्माण भी किए गए हैं। इसके बाद एलडीए ने क्षेत्रीय अभियंताओं की टीम बनाकर जांच शुरू करवाई है।
प्राधिकरण से पास कराए गए मानचित्र के विपरीत प्रत्येक मंजिल पर एक अतिरिक्त फ्लैट का निर्माण किया गया है।
प्रत्येक मंजिल पर 11 फ्लैट बनने थे, मगर 12 बना लिए गए हैं।
इस संबंध में बताया जा रहा है कि इमारत में सेटबैक और ऊंचाई में कोई गड़बड़ी सामने नहीं आई है।