लखनऊ। 27 अगस्त की रात सिटी स्टेशन के पास शराब पीने से मना करने पर तीन युवकों ने अपने साथियों को बुलाकर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) टीम पर पथराव किया। इस घटना में एक सिपाही का सिर फट गया। आरपीएफ में सहायक उप निरीक्षक नित्यानंद ने आठ से 10 अज्ञात युवकों के खिलाफ वजीरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है।
गोरखपुर के बड़हलगंज के तिहामुहम्मदपुर गांव निवासी नित्यानंद सिटी स्टेशन रेलवे सुरक्षा बल चौकी पर तैनात हैं। उन्होंने बताया कि 27 अगस्त की रात करीब 11 बजे वह सिपाही अभय शंकर, धीरेंद्र कुमार, गंगा सागर और नीरज कुमार के साथ गश्त कर रहे थे। उन्होंने जनता नगरी कॉलोनी के पास एक खंडहर में तीन युवकों को शराब पीते देखा। जवानों ने उन्हें टोका तो युवक भड़क गए और शोर मचाने लगे। उनके कई साथी भी वहां पहुंच गए और आरपीएफ टीम के साथ हाथापाई व मारपीट शुरू कर दी।
आरपीएफ जवानों के विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर पथराव किया, जिससे सिपाही धीरेंद्र कुमार का सिर फट गया। आरपीएफ टीम किसी तरह वहां से जान बचाकर भागी और आरोपी भी भाग गए। इंस्पेक्टर वजीरगंज राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सिपाही ने तहरीर में आरोपियों में से किसी एक की बाइक नंबर यूपी 32 सीएम 7670 का जिक्र किया है, जिसकी मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है।