प्यार में पागल युवक ने ही युवती पर तेजाब डाला था। युवती से अलग होना उसे कतई मंजूर नहीं था। शादी के बाद युवती ससुराल न चली जाए इसलिए उसने घटना को अंजाम दे दिया।
पुलिस ने शनिवार को युवक को गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी गांव का कोटेदार भी है। बैट्री से तेजाब निकालकर उसने युवती पर डाला था। युवक को अपनी करतूत पर तनिक भी अफसोस नहीं है।
अपर पुलिस अधीक्षक राममूरत यादव ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि सलोन कोतवाल गजेंद्र पाल सिंह और सर्विलांस सेल प्रभारी अनिल सिंह की टीम की मदद से इस मामले में सलोन कोतवाली क्षेत्र के बघौला गांवनिवासी हरीशचंद्र को पकड़ा गया है।
हरीशचंद्र गांव का कोटेदार है। इसके पास से कांच की शीशी में 10 एमएल तेजाब, एक बैट्री और एक प्लास्टिक की सिरींज बरामद किया गया है। एएसपी ने बताया कि आरोपी और युवती का पांच साल से प्रेम-प्रसंग चल रहा था।