राजधानी लखनऊ में एक युवती ने अपने परिचित कुशीनगर के बाबू रामकोला निवासी राहुल पांडेय पर उनकी अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। आरोपी ने पीड़िता के पोस्टर शहर की दीवारों पर चिपकवा दिए। प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता कई बार आत्महत्या का प्रयास भी कर चुकी है। मामले में गोमती नगर विस्तार पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
विज्ञापन
गोमतीनगर विस्तार निवासी युवती के मुताबिक दो साल पहले उनकी मुलाकात राहुल पांडेय से हुई थी। दोस्ती बढ़ने पर राहुल ने उनके कुछ अश्लील फोटो और वीडियो बना लिए, जिन्हें वह वायरल करने की धमकी दे रहा है। इतना ही नहीं बीते वर्ष फरवरी में आरोपी ने उनकी फोटो व पोस्टर बनवाकर दीवारों पर चिपकवा दिए।
पीड़िता का आरोप है कि राहुल उन्हें व्हाट्सएप कॉल कर गाली-गलौज करता है। हत्या करने की धमकी देता है। पोस्टर लगने के कारण पीड़िता की छवि धूमिल हो गई है। परेशान होकर पीड़िता ने गोमतीनगर विस्तार थाने में शिकायत की है।