लखनऊ। पारा की न्यू मुन्नू खेड़ा ग्रीन सिटी कॉलोनी निवासी पूनम पांडेय ने शादी का झांसा देकर घर में युवती को भेजकर साजिशन सोने-चांदी के जेवर चोरी कराने और लगातार धमकाने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर न्यायालय के आदेश के बाद बुधवार शाम नौ नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
पीड़िता के अनुसार, आलमबाग निवासी विक्की गुप्ता, उसकी महिला मित्र साधना और उसके बेटे प्रेम उर्फ प्रांजल ने उनके बेटे की शादी का प्रस्ताव रखकर पायल को घर भेजा। भावनात्मक दबाव बनाकर उसे रुकवाया गया। आरोप है कि 8 अगस्त 2025 को रक्षाबंधन के दिन, जब दंपती गोरखपुर और बेटा मुंबई में थे, घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गए। 11 अगस्त को लौटने पर युवती का व्यवहार आक्रामक हो गया और विरोध करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी गई। आरोपी पक्ष ने जान से मारने की धमकी भी दी।
15 सितंबर की रात आरोपी पीड़िता के घर पहुंचे, गेट खुलवाने का प्रयास किया, गालियां दीं और धमकाया। पुलिस के पहुंचने पर आरोपी मौके से चले गए। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि अदालत के आदेश पर विक्की गुप्ता, साधना, प्रेम उर्फ प्रांजल, पायल, कमलेश, पायल की दो बहनें, अज्ञात पति और अज्ञात मां के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच जारी है।