लखनऊ। भाजपा युवा मोर्चा नेता चेतन तिवारी को गोली मारने के आरोपी वैभव बाजपेयी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल अवैध पिस्तौल भी बरामद की है। घायल चेतन तिवारी से मिलने डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और परिजनों को कड़ी कार्रवाई का भरोसा दिया।
डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि चेतन की पत्नी मानसी तिवारी की तहरीर पर वैभव, हर्षित और चार-पांच अज्ञात लोगों पर हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। मानसी ने आरोप लगाया कि वैभव पुराने केस में समझौते के लिए पति पर दबाव बना रहा था। इसी विवाद में शनिवार रात 10:00 बजे वैभव और उसके साथियों ने चेतन को घर के बाहर गोली मार दी। चेतन को बचाने आए उदय राज पर भी आरोपियों ने फायर किया, पर गोली उन्हें नहीं लगी। मानसी ने पति, परिवार और उदयराज को सुरक्षा देने की मांग की है।
डीसीपी ने बताया कि विवेचना एसीपी चौक राजकुमार सिंह को दी गई है। घायल चेतन को रविवार को ट्रॉमा सेंटर से शताब्दी अस्पताल शिफ्ट किया गया है। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
भागकर थाने पहुंचा था आरोपी, गिरफ्तार
चेतन तिवारी को गोली मारने के बाद आरोपी वैभव भागकर थाने पहुंच गया था। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया और एफआईआर दर्ज होने के बाद गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से घटना में इस्तेमाल अवैध पिस्तौल मिली है। इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी वैभव के भाई अधिवक्ता हर्षित और अन्य अज्ञात की भूमिका की जांच की जा रही है। आरोपी वैभव के पिता संतोष कुमार नगर निगम में ठेकेदारी करते हैं और वह पिता के साथ ही काम करता है। वैभव के खिलाफ थाने में सात आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
घायल चेतन के परिजनों और समर्थकों ने बाजारखाला पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चेतन ने वर्ष 2024 में वैभव के खिलाफ दो केस दर्ज कराए थे। इसके बाद से आरोपी लगातार चेतन व उनके परिवार को धमका रहा था। परिजनों ने पुलिस से शिकायत भी की थी, पर पुलिस ने गंभीरता नहीं दिखाई। इंस्पेक्टर ने बताया कि वैभव के खिलाफ दो बार गुंडा एक्ट के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है।
भाजपा नेता नीरज सिंह ने भी लिया हालचाल
भाजयुमो कार्यकर्ता चेतन तिवारी पर हमले के बाद भाजपा नेता नीरज सिंह और लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी रविवार को केजीएमयू पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों से चेतन के स्वास्थ्य की जानकारी ली। साथ ही दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। नीरज सिंह ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए अपराधियों को न बख्शने की बात कही। आनंद द्विवेदी ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए जगह नहीं है। उन्होंने बताया कि प्रशासन मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी वैभाव बाजपेयी।