लखनऊ। इंदिरानगर अमराई गांव निवासी आमिर को चिनहट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उस पर राजू बनकर युवती का यौन शोषण करने, धर्म परिवर्तन का दबाव डालने और रुपये ऐंठने का आरोप है। आरोपी ने युवती की पिटाई भी की थी।
इंस्पेक्टर चिनहट दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि युवती निजी कंपनी में काम करती थी। उसी कंपनी में आमिर चालक था। उसने युवती को अपना नाम राजू बताया और शादी का झांसा देकर यौन शोषण किया। आमिर ने युवती के अश्लील फोटो व वीडियो भी बनाए। सच्चाई पता चलने पर युवती ने उससे दूरी बना ली। इस पर आमिर ने शारीरिक संबंध बनाने और धर्म परिवर्तन का दबाव डाला। विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी दी। युवती का आरोप है कि 10 मई को आमिर ने वीडियो व फोटो देने के एवज में 25 हजार रुपये मांगे। युवती ने रुपये दिए पर आमिर ने वीडियो और फोटो नहीं दिए। विरोध करने पर आमिर व उसके परिजनों ने युवती की पिटाई की। 15 मई को आमिर के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई। पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने युवती का बयान दर्ज कराया और रविवार को आमिर को नेडा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया।