नई दिल्ली में एक स्कूल की प्रिंसिपल की हत्या का आरोपी शनिवार सुबह राजधानी लखनऊ के गोसाईगंज थाने से फरार हो गया। हत्या से संबंधित सुबूत की तलाश में उसे अमेठी ले जा रही दिल्ली पुलिस रात्रि विश्राम के लिए गोसाईगंज में रुकी थी। लॉकअप में बंद आरोपी ने नित्यक्रिया के लिए पानी मांगा था।
दरवाजा खुलते ही सिपाही को धक्का देकर गेट की तरफ दौड़ लगा दी। आरोपी के साथ गोसाईगंज व दिल्ली पुलिस के सिपाही के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। दोनों को निलंबित करने के साथ थाने से भागे अपराधी की तलाश की जा रही है।
इंस्पेक्टर विद्यासागर पाल ने बताया कि दिल्ली के द्वारका जिले के छावला थाने के इंस्पेक्टर सतीश कुमार के नेतृत्व में पुलिस की टीम हत्या व कातिलाना हमले के आरोपी संदीप कुमार को लेकर शुक्रवार शाम 7 बजे थाने पर आई थी। छावला क्षेत्र में 5 मार्च को सरिता पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल अनीता यादव की हत्या के मामले में संदीप को चार अप्रैल को गिरफ्तार किया गया था।
पुख्ता सुबूत की तलाश में पुलिस कस्टडी रिमांड लिया गया और अमेठी के मोहनगंज थाने के गांव भिलाई कलां में उसके मूलनिवास पर छानबीन के लिए टीम निकली थी। रात होने पर सुरक्षा की दृष्टि से संदीप को गोसाईगंज थाने के लॉकअप में बंद करके दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल परमवीर और गोसाईगंज के रिंकू रजौर की ड्यूटी लगाई गई।
इंस्पेक्टर का कहना है कि लॉकअप में बंद संदीप ने शनिवार सुबह पांच बजे संतरी ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल रिंकू राजौर को आवाज देकर नित्यक्रिया के लिए पानी मांगा। रिंकू ने पानी से भरी बाल्टी लॉकअप के बाहर रखी और ताला खोला। संदीप को पानी देने के इरादे से बाल्टी उठाने के लिए झुका था कि संदीप ने उसे धक्का मारा। रिंकू लड़खड़ा कर गिरा। इस बीच संदीप ने गेट की तरफ दौड़ लगा दी। रिंकू रायफल संभालने के साथ शोर मचाते हुए उसके पीछे दौड़ा। अन्य पुलिसकर्मियों के आने से पहले संदीप सड़क पार संकट मोचन पब्लिक स्कूल के पास से गायब हो चुका था। एक व्यक्ति ने थाने से भागे मुल्जिम के मोहनलालगंज की तरफ जा रहे ट्रक पर सवार होने की जानकारी दी।