अस्पताल में भर्ती बच्चा व साथ में मौजूद उसके पिता।
लखनऊ। वजीरगंज के बारूदखाना स्थित नूरूल इस्लाम स्कूल के कक्षा एक के छात्र अफ्फान को सहपाठी ने फिनाइल पिला दिया। शिक्षक के जानकारी देने पर परिजनों ने उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। वहां करीब 48 घंटे तक चले इलाज के बाद उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
अफ्फान के पिता का आरोप है कि स्कूल में शिकायत करने पर प्रबंधक ने अभद्रता की। उनकी तहरीर पर वजीरगंज पुलिस ने स्कूल प्रबंधक व दो अन्य के खिलाफ लापरवाही के कारण गंभीर बीमारी फैलाने की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
बाग घासी निवासी ठेला संचालक जुबैर ने बताया कि 16 फरवरी को दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल के शिक्षक ने कॉल कर पत्नी को बेटे के फिनाइल पी लेने की सूचना दी। उन्होंने तुरंत अपने देवर को स्कूल भेजा और बच्चे को घर लाने को कहा। आनन-फानन परिजनों ने उसे बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। करीब 48 घंटे तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद बेटे की हालत सामान्य हुई।
बच्चों की पानी की बोतलों के पास रखा था फिनाइल
जुबैर के अनुसार, बेटे ने बताया कि क्लास में बच्चों की पानी की बोतलों के पास फिनाइल रखा था। छुट्टी होने पर वह और दो अन्य बच्चे क्लास में बचे थे। उन्हीं में से एक ने उसे फिनाइल पिला दिया।
स्कूल प्रशासन पर बात छिपाने का आरोप
जुबैर का आरोप है कि शिकायत करने पर प्रबंधक नावेद ने अपनी व स्कूल के शिक्षकों की लापरवाही नहीं मानी। उन्होंने अभद्रता की और घटना को छिपाने का प्रयास किया। स्कूल के डॉ. मो. शोएब कुरैशी ने भी घटना छिपाई। इस संबंध में स्कूल प्रबंधक से बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन नहीं उठा। इंस्पेक्टर राजेश त्रिपाठी के मुताबिक मामले की विवेचना की जा रही है। बच्चे के पिता और आरोपियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।