गोवंश तस्करी का आरोपी मुठभेड़ में घायल, गिरफ्तार
गोसाईंगंज। गोवंशों की तस्करी में वांछित अपराधी शोएब उर्फ गेंदा को गोसाईंगंज पुलिस ने शुक्रवार रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। यह मुठभेड़ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के नीचे बेली गांव के पास हुई। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस को मौके से एक तमंचा, कारतूस, खोखे और एक बाइक बरामद हुई है। डीसीपी दक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि शोएब मुजफ्फरनगर के खतौली का रहने वाला है। आरोपी पर हत्या, गैंगस्टर एक्ट तथा पुलिस अभिरक्षा से फरार होने सहित आठ से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।
गौरतलब है कि पांच मई को गोसाईंगंज के महुरा गांव के पास एक ट्रक से 20 गोवंश बरामद हुए थे। पुलिस ने ट्रक मालिक और चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी। जांच के दौरान शोएब की तलाश की जा रही थी। शुक्रवार रात वाहन चेकिंग के दौरान जैसे ही शोएब बाइक से आता दिखा, पुलिस ने रुकने का इशारा किया, जिस पर उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। इस दौरान दो अन्य बदमाश भाग निकले, जिनकी तलाश की जा रही है।