गुडंबा। नाबालिग को स्कूल आते-जाते परेशान करने, अशोभनीय टिप्पणियां करने और धमकाने के मामले में पुलिस ने रजौली निवासी मो. सईद (33) को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आरोपी ने बालिका को फोटो और वीडियो के जरिये ब्लैकमेल किया। साथ ही उस पर इस्लाम अपनाने और शादी करने का दबाव बनाया।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक, गुडंबा निवासी बालिका की मां ने 25 जून को इस मामले में पुलिस से शिकायत की थी। इसके आधार पर गुडंबा थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। इंस्पेक्टर गुडंबा अंजनी कुमार मिश्र के मुताबिक, शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर रजौली पुलिया के पास से आरोपी मो. सईद को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी की जा रही है। इस मामले में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस पहले ही न्यायिक संरक्षण में भेज चुकी है।