रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक को कुचलने की कोशिश का आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। मड़ियांव निवासी रियल एस्टेट कंपनी के निदेशक अचिंत्या मिश्रा को कार से कुचलने की कोशिश के आरोपी ओमेक्स द ग्रांड पैलेस अपार्टमेंट निवासी श्रीकांत राजपूत को सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल कार भी बरामद कर ली है।
एडीसीपी दक्षिणी अमित कुमावत ने बताया कि फुटेज से आरोपी की कार का नंबर मिला था। नंबर ट्रेस करते हुए बुधवार को आरोपी का नाम व पता जुटाया। फिर नोटिस देकर पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। शिकायतकर्ता को भी बुलाया गया था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना के वक्त वह शराब के नशे में था। थोड़ी ही देर बाद वह शिकायतकर्ता से बहस करने लगा। समझाने पर मारपीट पर आमादा हो गया। पुलिस ने शांतिभंग में उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी श्रीकांत एक कार कंपनी में काम करता है।
बता दें कि रविवार रात अचिंत्या रिश्ता अपार्टमेंट निवासी रिश्तेदार से मिलकर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में ओवरटेक को लेकर विवाद हो गया था। आरोपी ने मारपीट करते हुए कार से कुचलने की कोशिश की थी। अचिंत्या ने चलती बाइक से कूदकर जान बचाई थी। उनकी बाइक आरोपी की कार में फंसकर घिसटते हुए चली गई थी। घटना का वीडियो वायरल हुआ था।