लखनऊ। एसटीएफ ने लूट व हत्या के प्रयास के आरोपी बाराबंकी के रामनगर स्थित रामस्वरूप का पुरवा निवासी फिरोज को गिरफ्तार किया है। फिरोज ने 24 जुलाई की रात इंदिरानगर के अमराई गांव में एक घर में घुसकर लूटपाट की थी। परिवार के जगने पर हमला कर भाग निकला था। आरोपी के खिलाफ हरदोई, बाराबंकी, संतकबीरनगर व लखनऊ जिले में कुल 23 मामले दर्ज हैं।
एसटीएफ में एएसपी दीपक कुमार सिंह के अनुसार, आरोपी मंगलवार को बाराबंकी के पल्हरी चौराहे से पकड़ा गया। पूछताछ में फिरोज ने अपने खिलाफ दो दर्जन से अधिक केस होने की बात बताई। वर्ष 2015 में ब्लॉक प्रमुख के चुनाव के दौरान चुनावी रंजिश में फिरोज ने अपने साथियों सुरेंद्र रावत, रामू, रज्जो व राजू के साथ मिलकर रामनगर पुरवा निवासी दुर्गेश की हत्या की थी। इस संबंध में भी इंदिरानगर थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। वह तीन माह पहले जेल से छूटकर आया था।
फिरोज ने अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की साजिश रची थी। अमराई गांव के एक मकान में रात में दाखिल हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने परिवार पर हमला किया और भाग गए थे। पुलिस की दबिश के कारण वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। वह किसी से मिलने बाराबंकी गया था, उसी दौरान एसटीएफ ने उसे दबोच लिया।
आरोपी के खिलाफ 23 एफआईआर दर्ज
फिरोज ने बताया कि अमराई गांव की वारदात में उसका साथी सीतापुर के भयापुर भगौतीपुर निवासी दरबारी भी शामिल था। दरबारी वर्तमान में बेहटा में रह रहा है। पुलिस ने दरबारी के ठिकाने पर दबिश दी तो वह वहां नहीं मिला। एसटीएफ दरबारी की तलाश कर रही है। फिरोज के खिलाफ बाराबंकी में 15, लखनऊ में दो, संतकबीरनगर में चार और हरदोई में दो एफआईआर दर्ज हैं।