गुडंबा। विकासनगर निवासी शिक्षिका ने ननद और ननदोई पर उन्हें रोककर मोबाइल छीनने और विरोध पर पीटने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ननदोई ने उनसे अश्लीलता भी की। विकासनगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
शिक्षिका के मुताबिक, वह 16 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे घर से ट्यूशन पढ़ाने जा रही थीं। कुर्सी रोड पहुंचने पर ननद और ननदोई ने उन्हें रोक लिया और बिना किसी बात के गलत आरोप लगाने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने फोन छीन लिया। ननदोई ने उन्हें निर्वस्त्र करने की धमकी दी। पीड़िता ने घटना की सूचना डीसीपी क्राइम को दी। पुलिस ने 18 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की। पीड़िता ने बताया कि 13 सितंबर को पति ने उनके और सास के साथ मारपीट की थी। इसकी शिकायत विकासनगर थाने में लिखित रूप से दी गई थी।
छह माह पहले महिला आयोग में भी शिकायत
पीड़िता ने करीब छह माह पहले महिला आयोग में पति पर घरेलू हिंसा और ननद पर घर के मामलों में हस्तक्षेप करने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसकी जांच अभी चल रही है। महिला के मुताबिक, आयोग में सुनवाई के दौरान ननद को फटकार भी लगाई गई थी। विकासनगर थाना प्रभारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि अभद्रता, झपटमारी, मारपीट समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।