गोमतीनगर के हुसड़िया चौराहे के पास बृहस्पतिवार को रंगदारी न देने पर दबंगों ने रियल स्टेट कारोबारी व उसके पार्टनर को पीट दिया। इसमें फैय्याज के एक हाथ व पैर में फ्रैक्चर हो गया। मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही है।
प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र मिश्रा के मुताबिक, विकल्प खंड निवासी राम किशोर तिवारी ने बताया कि फैय्याज अली के साथ रियल स्टेट का कारोबार करता है।
कुछ दिनों से गोमतीनगर विस्तार निवासी अविनाश प्रताप सिंह, सचिदानंद, अभिषेक यादव समेत अन्य लोग 20 लाख की रंगदारी मांग रहे थे। न देने पर कारोबार बदलने के लिए कह रहे थे।
दोपहर को कॉल कर धमकाया और शाम को हुसड़िया चौराहे के पास कार से दबंग आए और हॉकी, रॉड व बंदूक की बट से हमला कर दिया।
राम किशोर जान बचाकर भाग निकला, जबकि फैय्याज को मरा हुआ समझ कर आरोपी भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फैय्याज को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसके एक हाथ व पैर में फ्रैक्चर निकला। प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक, केस दर्ज कर जांच की जा रही है।