इंदिरा भवन स्थित पेंशन निदेशालय के लेखाकार अनिल कुमार को भ्रष्टाचार निवारण संगठन की टीम ने 3000 रुपये घूस लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। अनिल के खिलाफ संगठन के निरीक्षक जगन्नाथ सिंह ने सआदतगंज कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक नीरज ओझा ने बताया कि गोमतीनगर के खरगापुर के भवानी शंकर जायसवाल पुनरीक्षित वेतनमान के अनुसार पेंशन के लिए प्राधिकार पत्र जारी करने के लिए विभाग के चक्कर काट रहे थे। लेखाकार अनिल ने काम कराने के बदले 3000 रुपये मांगे थे।
भवानी ने इसकी शिकायत भ्रष्टाचार निवारण संगठन से की थी। संगठन ने जाल बिछाया। भवानी ने अनिल को रुपये देने के लिए जूस की दुकान पर बुलाया। रुपया लेते ही टीम ने अनिल को दबोच लिया।