बैंक का गेट बंद कर धरने पर बैठे उपभोक्ता।
काकोरी। कस्बा पुलिस चौकी के पास स्थित एसबीआई शाखा में बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे खाताधारकों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्राहकों ने बैंक का शटर बाहर से बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी करते हुए एक घंटे तक प्रदर्शन किया। उस समय बैंक के कुछ कर्मचारी अंदर मौजूद थे। खाताधारकों का आरोप है कि उनके खातों से लाखों रुपये गायब हो गए हैं। शिकायत और रिपोर्ट दर्ज कराने के बावजूद करीब ढाई महीने से न तो बैंक प्रशासन और न ही पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई की गई है।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के निर्देश पर कस्बा चौकी इंचार्ज व विवेचना अधिकारी आशीष बालियान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द ही जांच पूरी कर आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इसके करीब एक घंटे बाद शटर खुलवाया गया। प्रदर्शन करने वालों में काकोरी कस्बा निवासी शिवा यादव, सलमा खातून, मोनी, जया, नीतू, माटीपुर की सुनीता, गोहरामऊ की काजल, फूलबाग की गीता, अजीत कुमार, मुबारकपुर के शिव कुमार व रामपति करझन की सुनीता शामिल रहीं। खाताधारकों ने आरोप लगाया कि विवेचना में लापरवाही बरती जा रही है और आरोपी खुलेआम घूम रहा है, लेकिन उसकी गिरफ्तारी नहीं हो रही है।