लखनऊ। सड़क हादसों में तीन लोगों की जान चली गई। ये दुर्घटनाएं अलीगंज, मोहनलालगंज और बिजनौर इलाके में हुईं। सीतापुर निवासी गोपाल (45) अलीगंज स्थित अहिबारनपुर गल्ला मंडी में रहकर मजदूरी करते थे। भाई मदन ने बताया कि सोमवार रात 11 बजे गोपाल किसी काम से पैदल जा रहे थे। सीतापुर रोड स्थित गल्ला मंडी के पास वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। गोपाल अविवाहित थे। इंस्पेक्टर अशोक सोनकर का कहना है कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
मोहनलालगंज के कूड़ा गांव निवासी हर्षित यादव (14) के पिता सुभाष ने बताया कि बेटा सात नवंबर को खेत में रोटावेटर पर बैठकर मड़ाई कर रहा था। ट्रैक्टर सुभाष चला रहे थे। अचानक हर्षित रोटावेटर से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पीजीआई ट्रॉमा-2 में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार देर रात उसकी मौत हो गई। हर्षित कक्षा आठ का छात्र था। उसके परिवार में मां किरन और एक भाई व दो बहनें हैं।
उन्नाव के लउवा निवासी मोहम्मद रईस (31) वाहन (टाटा एस) चलाते थे। मामा इमरान ने बताया कि रईस 15 की सुबह 6:30 बजे बंथरा स्थित रमगढ़ा से एक कंपनी के वेयरहाउस से सामान लेकर चिनहट के कामता जा रहे थे। बिजनौर स्थित हाईवे नंबर-2 के पास उनका वाहन ट्रक से टकरा गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल रईस को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान सोमवार देर रात उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी आफरीन और बेटी हैं।