दिल्ली से लखनऊ जा रही तेज रफ्तार वॉल्वो लग्जरी बस के पलटने से दो महिलाओं समेत तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि बस में सवार सभी 48 यात्री घायल हो गए। पौन घंटे तक इन्हें चिकित्सा सुविधा न मिलने से इनमें चीख-पुकार मची रही।
इस बीच मददगारों की भीड़ में शामिल कुछ उचक्कों ने कई यात्रियों का सामान पार कर दिया। बाद में 15 गंभीर घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया। यह भयानक हादसा गुरुवार को सुबह छह बजे कानपुर देहात जिले के सिकंदरा थाना क्षेत्र में खोजाफूल गांव के पास एनएच 2 पर हुआ।
घायल यात्रियों में कुछ का कहना था कि चालक को झपकी आने से हादसा हुआ, जबकि कुछ बस की खराबी और तेज रफ्तार को दुर्घटना की वजह बता रहे हैं। दूसरी ओर इलाज के दौरान घायलों को अस्पतालों की बदइंतजामी भी झेलनी पड़ी। हादसे के बाद चालक-परिचालक मौके से भाग निकले। दुर्घटनाग्रस्त इंडो-केनेडियन मर्सडीज बैंज बस पंजाब के मुख्यमंत्री के रिश्तेदार की बताई जा रही है। यह बस बुधवार की रात 11 बजे दिल्ली से लखनऊ के लिए रवाना हुई।
बस में चालक-परिचालक के अलावा 48 यात्री थे। सुबह छह बजे खोजाफूल के पास ईंटों से लदी ट्रैक्टर ट्राली में बस चालक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद बस हाइवे के किनारे खड़े ट्राला से जा भिड़ी और डिवाइडर से टकराकर पलट गई।