लखनऊ। पीजीआई थानाक्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-11 में एडीजी ट्रैफिक की कार में दूसरी एसयूवी ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के वक्त एडीजी कार में नहीं थे। वहीं चालक विक्रम सिंह घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल शुरू किया। हादसा होने के बाद दूसरी एसयूवी का चालक गाड़ी समेत भाग गया। गाड़ी का नंबर प्रयागराज का है। पुलिस ने एडीजी के चालक की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया है।
पीजीआई केवृंदावन कॉलोनी सेक्टर-11 में नहर चौराहे के पास एडीजी ट्रैफिक अशोक कुमार की इनोवा को पीछे से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने टक्कर मार दी। हादसे में चालक विक्रम सिंह घायल हो गया। वहीं हादसा होने के बाद फॉर्च्यूनर का चालक वहां से गाड़ी लेकर भाग गया। हादसे में एडीजी की इनोवा के परखचे उड़ गए। हादसे के वक्त एडीजी कार में नहीं थे।
एडीजी के चालक विक्रम सिंह के मुताबिक, वह अकेले कार में डीजल भराने के लिए बाबूखेड़ा स्थित यातायात पुलिस लाइन जा रहा था। जैसे ही सेक्टर-11 के चौराहे के पास पहुंचा। पीछे से तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने जोरदार टक्कर मार दी जिससे पीछे का एक टायर फट गया। वहीं गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक पीजीआई आशीष कुमार द्विवेदी अपनी टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने बताया कि चालक विक्रम की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। चालक को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया है। टक्कर मारने वाली एसयूवी का नंबर प्रयागराज का है।