गोंडा से रगड़गंज जा रही एक प्राइवेट बस की कमानी अचानक तरबगंज मार्ग पर पेट्रोल पंप के समीप टूट गई। बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस में सवार 13 लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी बेलसर में लाया गया।
गंभीर रूप से घायल दो लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दो घायलों का सीएचसी में ही इलाज चल रहा है, जबकि अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। मंगलवार को बस गोंडा से सवारियां लेकर रगड़गंज जा रही थी।
हादसे में शिवनाथ सिंह (40) निवासी अमदही तरबगंज, नीलम (30) पत्नी विवेक दूबे निवासी हरखापुर कोतवाली देहात, देवेंद्र यादव (30) निवासी माधवपुर कोतवाली देहात, त्रिभुवनदत्त (40) निवासी धनईपट्टी कोतवाली देहात, सरजू प्रसाद (51) निवासी परास उमरी बेगमगंज, सोनू (21) निवासी अमदही तरबगंज, विजय यादव (20) सेझिया तरबगंज, सुधा (25) पत्नी रामकरन निवासी डेबई पुरवा, गुड़िया (30) पत्नी सुखराम निवासी धनौली कोतवाली देहात, अनन्या (01) पुत्री अंगद निवासी सेझिया तरबगंज, मोनी (18) पुत्री मोहम्मद लईक निवासी तरबगंज, सुखराम (35) निवासी धनौली कोतवाली देहात, संजय तिवारी (21) निवासी परसदा तरबगंज घायल हो गए।
हादसे की सूचना पर सीओ तरबगंज महावीर सिंह समेत थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को सीएचसी बेलसर पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत में सरजू प्रसाद व विजय यादव को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गुड़िया व सुखराम को सीएचसी में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का प्राथमिक उपचार कराने के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। हादसे के बाद के बाद चालक व क्लीनर मौके से भाग निकले। पुलिस बस को थाने ले आई है। मामले में अभी तक किसी ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई है।