अमेठी के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के मिसरौली बाजार में खड़े ट्रक में जीप भिड़ने से एक अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक है। उधर, अमेठी थाने के अन्य हादसों में चार लोग घायल हुए हैं।
जिला सुलतानुपर के थाना क्षेत्र धम्मौर के गांव मनियारपुर निवासी दिनेश कुमार सोमवार देर शाम जीप से अपने दामाद, बेटी को ट्रेन पर बैठाने इलाहाबाद जा रहे थे।
रात करीब साढ़े दस बजे अमेठी-प्रतापगढ़ मार्ग स्थित मिसरौली बाजार में जीप सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि जीप ट्रक के भीतर घुस गई।
टक्कर की आवाज सुनकर बाजार के लोग मौके पर आए और उसमें फंसे लोगों को निकालना शुरू किया। लोगों ने जीप पर सवार थाना क्षेत्र गौरीगंज के गांव पंडित का पुरवा निवासी ज्ञानेंद्र त्रिपाठी, विजय लक्ष्मी, प्रिंस, दीपक उपाध्याय व चालक अजय भानु उपाध्याय को किसी तरह से बाहर निकाला लेकिन दिनेश कुमार दुबे (55) जीप में फंस गए।