गौरीगंज (अमेठी)। कोरोना नियंत्रण में जुटे अधिकारियों व कर्मचारियों की मदद के लिए केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार भी आगे आए हैं। स्मृति व अक्षय ने काफी मात्रा में मास्क, साबुन, पीपीई किट व आक्सीजन कन्संट्रेटर भेजे हैं। यह सामग्री शनिवार को डीएम व एसपी को मुहैया कराई गई है।
कोरोना बचाव सामग्री को शनिवार को अमेठी सांसद व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के प्रतिनिधि विजय गुप्ता व भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी ने डीएम के कैंप कार्यालय पहुंचायी।
डीएम को 35 हजार एन-95 मास्क, 200 हाई कन्संट्रेटर मास्क, 35 हजार साबुन, दो हजार पीपीई किट व 42 ऑक्सीजन कंसंट्रेटर उपलब्ध कराई गई। स्मृति की पहल पर अभिनेता अक्षय कुमार व अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना की लंदन में संचालित संस्था दैविक फाउंडेशन के माध्यम से भेजा गये आठ ऑक्सीजन कन्संट्रेटर व आठ युडिमीफायर भी डीएम को दिए।
पुलिस वालों में वितरित करने के लिए 15 हजार एन-95 मास्क व 15 हजार साबुन एसपी दिनेश सिंह को उपलब्ध कराए गए। डीएम को उपलब्ध कराई गई सामग्री में ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, पीपीई किट, एन-95 मास्क व साबुन स्वास्थ्य विभाग को देने को कहा गया है।
इसके अलावा एक हजार सफाई कर्मियों को चार हजार एन-95 मास्क व चार हजार साबुन, दो हजार आंगनबाड़ी कर्मियों के लिए आठ हजार एन-95 मास्क व आठ हजार साबुन तथा दो हजार आशा बहू व सर्विलांस टीम को आठ हजार एन-95 मास्क, आठ हजार साबुन व दो हजार पीपीई किट दी जाएगी।
1.5 लाख मास्क अन्य लोगों के लिए
विजय गुप्ता ने बताया कि केंद्रीय मंत्री ने जिले के अधिवक्ताओं, मीडिया कर्मियों, अखबार वितरकों, मंदिर के पुजारियों व अन्य के लिए 1.5 लाख मास्क व 1.5 लाख साबुन उपलब्ध कराए हैं। इसका एक संस्थान व पार्टी कार्यकर्ताओं के माध्यम से किया जाएगा।